
लखनऊ। अयोध्या में राम मंदिर बनकर तैयार हो चुका है। मंदिर में लाखों श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में अब राज्य की योगी सरकार अयोध्या व प्रयागराज में अतिथि गृहों का निर्माण कराने जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को दोनों अतिथि गृहों के निर्माण स्थल, ले-आउट, सुविधाओं और साज-सज्जा का जायजा लिया। इसके साथ ही सीएम ने दोनों अतिथि गृहों के निर्माण स्थल, ले-आउट, सुविधाओं और साज-सज्जा को भी परखा।
राज्य संपत्ति विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा ” श्रीरामजन्मभूमि मंदिर स्थापना के बाद अयोध्या में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, सहित देश-दुनिया से अनेक विशिष्ट-अतिविशिष्ट अतिथियों का आगमन हो रहा है। इनके प्रवास के लिए सुरक्षा व सुविधा के उत्कृष्ट मानकों के साथ गेस्ट हाउस की आवश्यकता है। इसी प्रकार प्रयागराज में गणमान्य जनों के बेहतर आतिथ्य के लिए एक सर्वसुविधायुक्त अतिथि गृह बनाया जाना आवश्यक है। इसके लिए प्रक्रिया यथाशीघ्र प्रारंभ कर दी जाए।”
उन्होंने आगे कहा अयोध्या में सरयू नदी के किनारे पर्यटन विभाग की भूमि अतिथि गृह के लिए उपयुक्त होगी। यहां करीब साढ़े तीन एकड़ के क्षेत्र में अतिथि गृह बनाया जा सकता है।भवन की ऊंचाई तय करते समय इसका ध्यान रखें कि किसी भी दशा में यह श्रीरामजन्मभूमि मन्दिर से ऊंचा न हो।
प्रयागराज में लगभग 10300 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनेगा।अतिथि गृह महर्षि दयानंद मार्ग पर होगा। इसमें कॉन्फ्रेंस हॉल, डायनिंग हॉल, कैंटीन जैसी सुविधाएं होंगी। सीएम ने कहा कि अतिविशिष्ट अतिथियों को आगमन को ध्यान में रखते हुए दोनों अतिथि गृहों में पार्किंग की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अतिथि गृहों में ओडीओपी ब्लॉक भी बनाया जाये ताकि आने वाले मेहमानों को प्रदेश की विविधतापूर्ण शिल्पकला से परिचय कर सकें।









