
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल एक कार्यक्रम में उन्नाव पहुंचे थे। जहां उन्होंने कांवड़ मार्ग की दुकानों में नेम प्लेट लगाए जाने पर श्याम लाल पाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि योगी महाराज जी क्या कह जाएंगे उनके बारे में कुछ कहना ठीक नहीं है। उन्होंने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग देश में सांप्रदायिकता फैलाने का काम करते हैं। उन्होंने यहाँ तक कह दिया कि ये लोग एक जाति से, दूसरे जाति को, दूसरी जाति को तीसरी जाति को तोड़-तोड़ करके 2014 में शासन पर आए हैं।
लोगों में पैदा किया नफरत का जहर
प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि जब से बीजेपी के लोग देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तब से लोगों में नफरत का जहर इतना पैदा कर दिया गया कि कोरोना के टाइम पर नारा लग रहा था कि मुसलमान अगर किसी ठेले पर सब्जी की दुकान लगाया है तो उसकी दुकान से सब्जी ना खरीदो। जबकि उस समय लोग कोरोना से पीड़ित थे, दर्द से कराह रहे थे। उस दौरान एक दर्द रोजगार का था और एक दर्द रोटी, कपड़ा, मकान की भूख का था।
अखिलेश यादव बो रहे मोहब्बत के बीज
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ये मुल्क अनेक धर्म और जातियों का है। हमें हर धर्म, जाति के लोगों के साथ प्यार और मोहब्बत से काम करना चाहिए। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बारें में कहा कि वो लोगों में प्यार और मोहब्बत के बीज बो रहे हैं।









