पटना में बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बवाल, तख्तियों और लाठी-ईंट-पत्थर से हुई हिंसक झड़प

BJP Congress Clash in Patna. राजधानी पटना की सड़कों पर शुक्रवार को राजनीतिक हिंसा का नजारा देखने को मिला। बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आए, और विवाद इतनी तेजी से बढ़ा कि हाथ में जो भी मिला, वही हथियार बन गया। लाठी, ईंट-पत्थर और तख्तियों से दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर हमला किया।

क्या हुआ: प्रदर्शन से हिंसा तक

बीजेपी के कार्यकर्ता पीएम मोदी के खिलाफ कांग्रेस द्वारा इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों के विरोध में सदाकत आश्रम के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। उनके हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर बड़े अक्षरों में लिखा था “मां का अपमान, कांग्रेस की पहचान”, “मां का अपमान नहीं सहेगा बिहार”…… प्रदर्शन की शुरुआत शांति से हुई, लेकिन जैसे ही कुछ बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय में घुसने की कोशिश करने लगे, माहौल तनावपूर्ण हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध किया, और फिर दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई।

पुलिस बीच-बचाव में आई

हिंसक झड़प के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत बीच-बचाव करने पहुंचे। लेकिन दोनों पक्षों के कार्यकर्ता हिंसा रोकने के लिए तैयार नहीं थे। कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए कुर्जी अस्पताल भेजा गया।

बीजेपी मार्च और नेताओं की उपस्थिति

जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी को लेकर कांग्रेस मंच से गाली दिए जाने के बाद आज बीजेपी ने कुर्जी अस्पताल से सदाकत आश्रम तक मार्च निकाला। इस मार्च में बीजेपी के कार्यकर्ताओं के साथ मंत्री संजय सरावगी और नितिन नवीन भी शामिल थे।

दोनों पक्षों ने लगाए आरोप

बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने और मारपीट करने का आरोप लगाया। मौके पर लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी भी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button