
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से इस वक्त का बड़ा और सनसनीखेज राजनीतिक घटनाक्रम सामने आ रहा है। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की अचानक सेहत बिगड़ने के बाद उन्हें इंदर रोड स्थित केएमसी (KMC) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
यह पूरा मामला तब गरमा गया जब कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने ही पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई और गंभीर धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज करवाई। मंत्री ने अपने पति पर मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न कराने का संगीन आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपनी और अपने बच्चों की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। एफआईआर दर्ज कराने से ठीक पहले रेखा आर्य ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें उन्होंने अपनी आपबीती साझा की थी।
पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और पारिवारिक विवाद के बीच अत्यधिक मानसिक तनाव के चलते अचानक उनकी तबियत खराब हो गई, जिसके बाद परिजनों और समर्थकों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री से जुड़े इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद से शासन, प्रशासन और राज्य के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।









