
केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन की तारीफ करने और फिर से सीएम बनने का दावा करने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर अब अपनी ही पार्टी के निशाने पर आ गए हैं। तिरुवनंतपुरम में रविवार को एक कार्यक्रम में सीएम विजयन की मौजूदगी में उन्होंने कहा था कि पिनरई विजयन केरल के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। इस बयान ने पार्टी के अंदर सियासी भूचाल मचा दिया और पार्टी नेताओं ने उनकी आलोचना शुरू कर दी।
इसके बाद कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा और महासचिव जयराम रमेश की प्रतिक्रियाएं आईं, जिसके बाद मणिशंकर अय्यर ने तीखा पलटवार किया। अय्यर ने पवन खेड़ा को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें ‘कठपुतली’ और ‘तोता’ करार दिया, साथ ही यह भी कहा कि वे पार्टी के अधिकृत प्रवक्ता नहीं हैं।
एएनआई से बात करते हुए अय्यर ने कहा, “पवन खेड़ा तो सिर्फ एक तोता हैं, जो जयराम रमेश के कहे अनुसार ही बोलते हैं। कांग्रेस में लाखों लोग हैं, जो उनसे बेहतर प्रवक्ता बन सकते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “मैं चाहता हूं कि पवन खेड़ा को संदेश भेजें। उन्होंने दिल्ली में एमए बेबी के साथ गठबंधन किया है और पिनरई विजयन के साथ मेरे गठबंधन से उन्हें परेशानी हो रही है। “यह सियासी विवाद कांग्रेस में एक नया मोड़ लेकर आया है और अय्यर के बयान पर पार्टी में गहमागहमी बढ़ गई है।









