
उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक बादल मंडराने लगे हैं और बारिश-बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा और बर्फबारी का क्रम जारी रह सकता है।
बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब सहित अन्य ऊंची चोटियों पर हिमपात का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके अलावा, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री समेत आसपास के क्षेत्रों में भी बादल छाए रहे और हल्की वर्षा-बर्फबारी देखी गई। कुमाऊं में भी चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में वर्षा के आसार बने हुए हैं।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रात के समय मौसम में बदलाव आया है। हालांकि, देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में अभी भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है।
आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की वर्षा हो सकती है। 3400-3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में भी आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जिससे न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है।वहीं, मैदानी क्षेत्रों में बारिश के कम आसार हैं और यहां मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है।









