
मुंबई: प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास के ऐलान के बाद मायूस हुए फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने अपना पहला इंडिपेंडेंट ट्रैक “Raina” रिलीज कर दिया है। गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया और फैंस ने कमेंट सेक्शन में लिखा – “The LEGEND is back.”
“Raina” एक रोमांटिक और इमोशनल ट्रैक है, जिसका संगीत Shekhar Ravjiani ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल प्रिया सरैया ने लिखे हैं। इस गाने में अरिजीत सिंह ने अपनी खास आवाज दी है, जो एक बार फिर श्रोताओं के दिलों को छू रही है।
अरिजीत और शेखर दोनों ने अपने-अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर गाने की रिलीज की घोषणा की। जैसे ही गाना सामने आया, फैंस ने उत्साह के साथ प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा, “यह लीजेंड हमें चौंकाना कभी बंद नहीं करता।” वहीं दूसरे फैन ने कहा, “उनकी आवाज सुनकर खुशी के आंसू आ गए।”
गौरतलब है कि इसी साल की शुरुआत में अरिजीत सिंह ने घोषणा की थी कि वह अब नए प्लेबैक सिंगिंग असाइनमेंट नहीं लेंगे। इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने सफर को “शानदार” बताया और श्रोताओं को वर्षों के प्यार के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा था कि अब वह अपने करियर के नए अध्याय की ओर बढ़ना चाहते हैं।
अब “Raina” के जरिए साफ है कि अरिजीत सिंह इंडिपेंडेंट म्यूजिक की दुनिया में नई शुरुआत कर रहे हैं। फैंस इस नए फेज को लेकर काफी उत्साहित हैं और गाने को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।
यह गाना और इसका आधिकारिक वीडियो Garuuda Music के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।









