
देवरिया जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह एक शिक्षक प्रतिनिधि मंडल के सदस्य को डांटते हुए नजर आ रहे हैं। इस वायरल वीडियो में मंत्री दयाशंकर सिंह गुस्से में कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, “तुम नेतागिरी ज्यादा कर रहे हो, यहां से बाहर जाओ।”
पड़ताल में यह जानकारी सामने आई कि यह वीडियो PWD के डाक बंगले का है, जहां यह घटनाक्रम हुआ था। वीडियो के अनुसार, करीब दो सप्ताह पूर्व गोरखपुर में एक शिक्षक ने आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उस शिक्षक ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने देवरिया के बेसिक शिक्षा विभाग के कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे।
इस घटना के बाद शिक्षक संघ के नेता प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह को ज्ञापन देने पहुंचे थे। ज्ञापन के दौरान एक शिक्षक नेता ने आरोप लगाया कि मंत्री जी देवरिया की बेसिक शिक्षा अधिकारी को बचा रहे हैं, क्योंकि दोनों बलिया जिले के रहने वाले हैं। इस आरोप पर मंत्री जी नाराज हो गए और शिक्षक नेता को फटकार लगाते हुए उन्हें कमरे से बाहर जाने को कह दिया।
अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वीडियो में मंत्री दयाशंकर सिंह एक शिक्षक पर नाराजगी दिखा रहे हैं।









