
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने 14 मार्च को उत्तराखंड के मसूरी में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ शादी रचाई थी। अब इस शादी के बाद आज यानी 17 मार्च को लखनऊ में उनका भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जा रहा है, जिनकी तैयारियां जोर-शोर से पूरी कर ली गई हैं।
यह हाई-प्रोफाइल रिसेप्शन लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित मशहूर फाइव स्टार होटल द सेंट्रम में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में क्रिकेट और राजनीति जगत के कई बड़े नामों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, इस खास मौके पर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी जैसे रोहित शर्मा, सुनील गावस्कर, गौतम गंभीर, शिखर धवन, रवींद्र जडेजा और अभिषेक शर्मा शामिल हो सकते हैं।
वहीं राजनीतिक क्षेत्र से योगी आदित्यनाथ, अखिलेश यादव और जय शाह जैसे बड़े नामों के पहुंचने की भी संभावना है।
रिसेप्शन को लेकर एक खास बात यह सामने आई है कि मेहमानों के लिए पूरी तरह शाकाहारी मेन्यू तैयार किया गया है। इस समारोह में किसी भी प्रकार का नॉनवेज भोजन नहीं होगा। लखनऊ के मशहूर अवधी और नवाबी स्टाइल के शाकाहारी व्यंजन परोसे जाएंगे, आपको तैयारी होटल के अनुभवी शेफ द्वारा की जा रही है।

जिस होटल में यह आयोजन हो रहा है, वह अपनी लग्जरी सुविधाओं और शांत माहौल के लिए जाना जाता है। यहां मौजूद “प्लम” रेस्टोरेंट अपने मल्टी-कुजीन बुफे और लाइव किचन के लिए प्रसिद्ध है, जबकि “दम” रेस्टोरेंट पारंपरिक अवधी व्यंजनों के लिए खास पहचान रखता है।
कुल मिलाकर, यह रिसेप्शन लखनऊ के सबसे चर्चित हाई-प्रोफाइल आयोजनों में से एक बनने जा रहा है, जिसमें खेल और राजनीति जगत का संगम देखने को मिल सकता है।









