नेपाल के गोरखा में बाढ़ से तबाही, 35 मकान बहे; राहत-बचाव टीम तैनात

डेस्क : नेपाल के गोरखा जिले में अचानक आई बाढ़ ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। बूढ़ी गंडकी नदी में पानी का स्तर अचानक बढ़ने से करीब 35 मकान बह गए। बाढ़ का पानी गांवों में घुसने से लोगों में दहशत फैल गई है। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य के लिए टीमें तैनात की गई हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।

बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक बढ़ा पानी

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह पायु और बगर गांव में बाढ़ का पानी घुस गया। इसके अलावा दोभान, घटखोला, जगत और सल्लेरी में भी भारी नुकसान हुआ है। अचानक आए पानी के कारण स्थानीय लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। कई मकानों के बहने से प्रभावित परिवारों के सामने रहने और सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की चुनौती खड़ी हो गई है।

सोती-मानबु को जोड़ने वाला पुल बहा

बता दे कि बाढ़ की चपेट में आने से सोती और मानबु को जोड़ने वाला पुल भी पानी में बह गया। इससे इलाके में आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। नदी के आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल है। प्रशासन और राहत एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

हेलीकॉप्टर के साथ राहत-बचाव टीम तैनात

प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य के लिए टीमों को हेलीकॉप्टर के साथ तैनात किया गया है। प्राथमिकता प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नुकसान का आकलन करने की है। हालांकि, अभी तक जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

चीन सीमा क्षेत्र की त्रासदी के बाद फिर संकट

चीन सीमा क्षेत्र में आई त्रासदी के करीब 46 दिन बाद गोरखा में बाढ़ ने एक बार फिर संकट खड़ा कर दिया है। लगातार बढ़ती मुश्किलों के बीच प्रभावित लोगों को राहत मिलने का इंतजार है। प्रशासन की ओर से नुकसान और हालात की विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button