
भारतीय टीम के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने संघर्ष और शानदार वापसी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि खराब फॉर्म के दौरान तीन लोगों के समर्थन ने उन्हें संभाला और उसी का नतीजा था कि वह फाइनल में मैच विनिंग पारी खेल सके।
बता दें, टूर्नामेंट से पहले शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा वर्ल्ड कप में शुरुआत में पूरी तरह फ्लॉप रहे। लगातार तीन मैचों में वह बिना खाता खोले आउट हो गए, जिससे उनके प्रदर्शन पर सवाल उठने लगे। हालांकि टीम मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा बनाए रखा।
इस भरोसे का असर फाइनल मुकाबले में देखने को मिला, जब न्यूजीलैंड के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने 52 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई।
अभिषेक ने बताया कि इस कठिन दौर में कोच गौतम गंभीर, कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनके मेंटर युवराज सिंह ने उन्हें लगातार सपोर्ट किया। उन्होंने कहा कि सूर्यकुमार यादव ने उन्हें अपने स्वाभाविक खेल पर टिके रहने और नतीजों की चिंता न करने की सलाह दी।
वहीं युवराज सिंह ने उन्हें अपनी आक्रामक शैली को बनाए रखने और आत्मविश्वास न खोने के लिए प्रेरित किया। अभिषेक के मुताबिक, इस तरह का समर्थन किसी भी खिलाड़ी के लिए बेहद अहम होता है।
अभिषेक शर्मा ने इस वर्ल्ड कप से मिली सबसे बड़ी सीख का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मानसिक मजबूती ही किसी खिलाड़ी की असली ताकत होती है। अच्छे प्रदर्शन के बाद संतुलन बनाए रखना और खराब दौर में निराश न होना ही सफलता की कुंजी है।
उन्होंने माना कि इस अनुभव ने उन्हें एक बेहतर खिलाड़ी बनने में मदद की है और आगे उनके करियर में यह सीख बहुत काम आएगी।









