
टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय क्रिकेटर संजू सैमसन की हर तरफ तारीफ हो रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी सैमसन की जमकर सराहना करते हुए उन्हें “विझिंजम का सबसे बड़ा प्रोडक्ट” बताया है।
शशि थरूर ने कहा कि संजू सैमसन एक बेहद विनम्र, फोकस्ड और शानदार खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सैमसन की सफलता में उनके समुदाय का भी बड़ा योगदान है। थरूर ने कहा, आज भले ही विझिंजम एक बड़े पोर्ट के लिए जाना जाता हो, लेकिन उसका सबसे बड़ा निर्यात संजू सैमसन ही हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में संजू सैमसन ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 5 पारियों में 321 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 80.25 और स्ट्राइक रेट 199.37 रहा। उन्होंने 27 चौके और 24 छक्के जड़े और टूर्नामेंट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। खास बात यह रही कि उन्होंने 2014 टी20 वर्ल्ड कप में विराट कोहली के 319 रनों का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।
थरूर ने बताया कि वह सैमसन को तब से जानते हैं, जब वह 14 साल के थे। उन्होंने कहा, “मैंने तब ही कह दिया था कि यह लड़का अगला एमएस धोनी बनेगा। लेकिन बाद में गौतम गंभीर ने सही कहा कि वह किसी का दूसरा नहीं, बल्कि पहला और एकमात्र संजू सैमसन बनेगा।”
संजू सैमसन के प्रदर्शन को थरूर ने “पोएट्री इन मोशन” यानी चलते-फिरते कविता जैसा बताया। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप के आखिरी मैचों में सैमसन ने जिस तरह शांत और संयमित होकर बल्लेबाजी की, वह देखने लायक थी।
आगे के भविष्य को लेकर थरूर ने उम्मीद जताई कि सैमसन को जल्द ही वनडे टीम में वापसी का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी आखिरी वनडे पारी शतक थी, इसके बावजूद उन्हें बाहर कर दिया गया। अब उन्हें फिर से मौका मिलना चाहिए, चाहे वनडे हो या टेस्ट क्रिकेट।
संजू सैमसन की इस शानदार वापसी और प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के भविष्य के बड़े सितारों में शामिल कर दिया है।








