खटीमा में सैनिक सम्मान समारोह, सीएम धामी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

उन्होंने स्वयं कैंटीन से खरीदारी कर इसकी शुरुआत की और कहा कि यह कैंटीन क्षेत्र के सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगी।

उधम सिंह नगर- उधम सिंह नगर जनपद के खटीमा में आज सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। यह समारोह उनके पिता, स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी जी की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों का बलिदान सदैव राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।”

कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री धामी ने सैनिक मिलन केंद्र और CSD कैंटीन का उद्घाटन भी किया। उन्होंने स्वयं कैंटीन से खरीदारी कर इसकी शुरुआत की और कहा कि यह कैंटीन क्षेत्र के सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगी।

धामी ने स्वयं को “सैनिक पुत्र” बताते हुए कहा, “मैं सेना और सैनिक परिवारों की जरूरतों का भलीभांति अहसास रखता हूँ और राज्य सरकार उनके कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।”

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सैनिक, पूर्व सैनिक और स्थानीय लोग उपस्थित थे, जिन्होंने इस आयोजन को भावनात्मक और गौरवपूर्ण बना दिया।

Related Articles

Back to top button