लक्ष्मण झूला के पास निर्माणाधीन बजरंग सेतु पर कांच चटकने का वीडियो वायरल, पर्यटकों में डर का माहौल

नया ब्रिज इस तरह से नहीं होना चाहिए। अगर कांच की मोटाई कम है, तो इसे ठीक करना चाहिए, क्योंकि टूरिस्ट को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए।

ऋषिकेश: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लक्ष्मण झूला के समीप स्थित निर्माणाधीन बजरंग सेतु पर कांच के चटकने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पर्यटकों में डर का माहौल बन गया है। यह कांच का ब्रिज पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ था, लेकिन इस वीडियो ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लोक निर्माण विभाग द्वारा बजरंग सेतु को अंतिम रूप दिया जा रहा है, लेकिन सेतु के उद्घाटन से पहले ही पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो गई है। इस दौरान एक हिस्से में कांच चटकने की घटना सामने आई, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कांच का पुल पांच लेयर से बना हुआ है, और यह क्रैक किसी अज्ञात व्यक्ति या सामाजिक तत्व द्वारा रात में कांच पर हमला करने के कारण हुआ है।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार करनवाल ने कहा कि, “कुछ वीडियो मैंने भी देखे हैं, लेकिन जो वीडियो वायरल हो रहे हैं, वह हमारे पुल का नहीं है। हमारे पुल में पांच लेयर का ग्लास डेक है, और किसी ने रात में कांच को हिट किया था, जिसके कारण एक लेयर में कुछ क्रैक्स आए हैं। हम जल्द ही रिपेयर करेंगे और भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए हम सीसीटीवी कैमरे भी लगाएंगे।”

वहीं, गुजरात से आए पर्यटकों ने भी अपनी चिंता जताई। सुनील मोदी और रणवीर ने कहा, “हम गुजरात से आए हैं, जहां नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में यह प्रोजेक्ट शानदार रूप से बनाया गया है। यह एक बहुत अच्छा कॉन्सेप्ट है, जो विदेशों में देखा जाता है, लेकिन हाल ही में कांच में क्रैक आना चिंता का विषय है। नया ब्रिज इस तरह से नहीं होना चाहिए। अगर कांच की मोटाई कम है, तो इसे ठीक करना चाहिए, क्योंकि टूरिस्ट को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। उद्घाटन से पहले इसको पूरी तरह से मजबूत करना चाहिए ताकि पर्यटकों का विश्वास बना रहे।”

यह घटना सेतु के उद्घाटन से पहले सामने आई है, और अधिकारियों ने कहा है कि वे जल्द ही कांच के पुल की मरम्मत करेंगे ताकि भविष्य में कोई सुरक्षा खतरा न उत्पन्न हो।

Related Articles

Back to top button