UP News: हमीरपुर के कुरारा इलाके में नाव पलटने का मामला, रेस्क्यू टीम ने छठे शवों को किया बरामद…

हमीरपुर के कुरारा में यमुना नदी में नाव पलटने से हुआ बड़ा हादसा। NDRF ने 5 साल के मासूम समेत सभी 6 शव बरामद किए। सीएम योगी ने दुख जताया और विधायक मनोज प्रजापति ने की मुलाकात।

Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र में यमुना नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे का रेस्क्यू ऑपरेशन आज छठे शव की बरामदगी के साथ समाप्त हो गया। कई घंटों तक चली कड़ी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने नदी की गहराइयों से सभी लापता लोगों को ढूंढ निकाला है।

बता दें, इस हादसे ने उस वक्त और भी भावुक मोड़ ले लिया जब रेस्क्यू टीम ने 5 साल के एक मासूम बच्चे का शव बरामद किया। इसके कुछ ही देर बाद छठे और आखिरी लापता व्यक्ति का शव भी नदी से निकाल लिया गया। सभी शवों को एंबुलेंस के जरिए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए स्थानीय प्रशासन को राहत कार्य में कोई कसर न छोड़ने के निर्देश दिए थे। सीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “हादसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी” और मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

बता दें, हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय विधायक मनोज प्रजापति तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने नदी किनारे बिलख रहे पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सरकार की ओर से हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया।

यह हादसा तब हुआ जब ककड़ी, तरबूज, सब्जी लेने गए थे लोग तभी नाव नदी के बीचों-बीच असंतुलित होकर पलट गई। इस घटना के बाद से पूरे हमीरपुर जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

Back to top button