
हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में तीनपानी फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने से जेईई की तैयारी कर रहे दो नाबालिग छात्रों की जान चली गई, जबकि एक छात्रा सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कोचिंग से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कार सवार चारों छात्र एक ही कोचिंग संस्थान से लौट रहे थे। शुक्रवार दोपहर करीब 3:45 बजे उनकी कार गौलापार हाईवे से लालकुआं की ओर जा रही थी। इसी दौरान तीनपानी फ्लाईओवर पर चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया। कार पलटते हुए डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे या घायल हुए छात्रों को बाहर निकालकर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में दो छात्रों ने तोड़ा दम
अस्पताल में चिकित्सकों ने ऊंचापुल निवासी 16 वर्षीय उत्कर्ष धपोला और देवलचौड़ खाम निवासी 17 वर्षीय सिद्धांत पाठक को मृत घोषित कर दिया। उत्कर्ष, डॉ. शैलेंद्र धपोला के पुत्र थे, जबकि सिद्धांत रवि मोहन पाठक के बेटे थे। दोनों छात्र जेईई की तैयारी कर रहे थे। इस दुर्घटना में पीलीकोठी निवासी 17 वर्षीय भाविका और श्याम बिहार में बीजेपी कार्यालय के पास रहने वाले 16 वर्षीय प्रांजल मावड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एसटीएच में भर्ती कराया गया। रात में प्रांजल के परिजन बेहतर उपचार के लिए उसे एक निजी अस्पताल ले गए।
एसएसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
हादसे की जानकारी मिलने पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल छात्रों के इलाज की जानकारी ली और इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची।बताया गया कि मृतक उत्कर्ष के पिता और घायल प्रांजल के पिता भीमताल स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।









