
मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 कप्तान और ‘मिस्टर 360’ सूर्यकुमार यादव के घर खुशियों ने दस्तक दी है। सूर्या और उनकी पत्नी देविशा शेट्टी पहली बार माता-पिता बने हैं। गुरुवार को देविशा ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस का तांता लग गया है।
10 साल का इंतजार हुआ खत्म
सूर्यकुमार यादव और देविशा शेट्टी की प्रेम कहानी कॉलेज के दिनों से शुरू हुई थी। लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों 7 जुलाई 2016 को शादी के बंधन में बंधे थे। शादी के 10 साल बाद अब उनके परिवार में तीसरे सदस्य का आगमन हुआ है। सूर्या अक्सर अपनी सफलता का श्रेय पत्नी देविशा को देते रहे हैं और उन्हें अपना ‘कोच’ और ‘मार्गदर्शक’ बताते हैं।
आईपीएल में फॉर्म से जूझ रहे हैं सूर्या
एक तरफ जहां निजी जीवन में सूर्या को सबसे बड़ी जीत मिली है, वहीं आईपीएल 2026 में उनके बल्ले की चमक थोड़ी फीकी रही है। पिछले सीजन में 717 रन बनाने वाले सूर्या इस साल अब तक केवल एक अर्धशतक लगा सके हैं। हालांकि, पिछले मैच में हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी की और टीम की हार का सिलसिला तोड़ते हुए शानदार जीत दिलाई।
अगले मैच पर सस्पेंस
मुंबई इंडियंस को अपना अगला मुकाबला रविवार को रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ खेलना है। पिता बनने की इस बड़ी खुशी के बीच, सूर्या इस मैच में उपलब्ध होंगे या नहीं, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है।









