
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव का बुधवार प्रातः लखनऊ के सिविल अस्पताल में आकस्मिक निधन हो गया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई एवं भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक (38) की अचानक हुई मौत से पूरे राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे अत्यंत दुखद बताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। फिलहाल, मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
यूं बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव की तबीयत देर रात अचानक बिगड़नी शुरू हुई। गंभीर हालत में परिजन उन्हें बुधवार तड़के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे, लेकिन बीमारी की गंभीरता का अंदाजा नहीं लगाया जा सका था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट मृत्यु के सटीक कारण स्पष्ट करेगी।
राजनीति से दूर, कारोबार व फिटनेस पर फोकस
प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। प्रदेश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद उन्होंने स्वयं को सक्रिय राजनीति से सदैव दूर रखा। ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से शिक्षा प्राप्त प्रतीक ने लखनऊ में ‘फिटनेस प्लैनेट’ जिम की स्थापना की और पशु कल्याण से जुड़ी संस्था ‘जीव आश्रय’ के माध्यम से समाज सेवा में योगदान दिया। उनकी सक्रिय जीवनशैली और फिटनेस के प्रति लगाव को देखते हुए 38 वर्ष की आयु में उनका इस तरह अचानक चले जाना लोगों के लिए विश्वास कर पाना कठिन है।
CM योगी ने जताया शोक, कहा- ‘अत्यंत दुखद’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स ‘ पर शोक संवेदना प्रकट करते हुए लिखा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के बेटे और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का अचानक निधन अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने भगवान श्री राम से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
समाजवादी पार्टी ने भी जताया शोक
समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट कर शोक व्यक्त किया, “प्रतीक यादव का निधन हो गया, बहुत दुख हुआ! भगवान दिवंगत आत्मा को शांति दे।” पार्टी कार्यकर्ताओं और अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भी इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख जताया है।
राजनीतिक परिवार में निजी जीवन
प्रतीक यादव ने वर्ष 2011 में अपर्णा यादव से विवाह किया था, जो वर्तमान में भाजपा नेत्री हैं और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। अपर्णा ने 2017 में सपा के टिकट पर लखनऊ कैंट से चुनाव लड़ा था, और बाद में 2022 में भाजपा का दामन थाम लिया था। प्रतीक अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार आज दिन में होने की संभावना है।









