
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में रायबरेली रोड स्थित कल्ली पश्चिम चौकी के पास हुई बिल्डर संदीप सिंह की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस और क्राइम ब्रांच की जांच अब पूर्वांचल के कनेक्शन पर टिक गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने में पूर्वांचल के पेशेवर शूटरों के शामिल होने की प्रबल आशंका है। शूटरों की धरपकड़ के लिए लखनऊ पुलिस की टीमें गाजीपुर, जौनपुर और वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में लगातार ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं।
लखनऊ
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) May 29, 2026
➡लखनऊ में बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मामला
➡हत्या में पूर्वांचल के शूटरों के शामिल होने की आशंका
➡गाजीपुर,जौनपुर और वाराणसी में पुलिस की दबिश
➡क्राइम ब्रांच समेत 10 टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं
➡सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को अहम लीड मिली- सूत्र
➡पूर्वांचल के… pic.twitter.com/1V70DTGAAI
10 टीमें तैनात, सीसीटीवी से मिली बड़ी लीड
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए क्राइम ब्रांच और सर्विलांस समेत पुलिस की 10 विशेष टीमें दिन-रात कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस के हाथ कुछ बेहद महत्वपूर्ण सुराग (लीड) लगे हैं। इसके साथ ही पुलिस पूर्वांचल के कई नामी माफियाओं और उनके सक्रिय शूटरों की कुंडली भी नए सिरे से खंगाल रही है ताकि हत्या के पीछे की मुख्य साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।
किसान पथ के रास्ते भागे बदमाश, रूट ट्रेसिंग जारी
वारदात के बाद के घटनाक्रम को ट्रैक कर रही सर्विलांस टीम को पता चला है कि हत्या को अंजाम देने के बाद बदमाश पीजीआई इलाके से रायबरेली रोड होते हुए सीधे किसान पथ की तरफ भागे थे। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस अब किसान पथ और उस रूट पर पड़ने वाले टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है। सर्विलांस और साइबर टीमें शूटरों के मोबाइल लोकेशन और उनके भागने के पूरे रूट प्लान को ट्रेस करने में जुटी हैं, और दावा किया जा रहा है कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।









