
Ballia: कमरतोड़ महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, सरकारी अस्पतालों में व्याप्त भ्रष्टाचार, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस सिलेंडर तथा बिजली की बढ़ती कीमतों के विरोध में समाजवादी पार्टी ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी प्रत्याशी बलिया अरविन्द गिरि के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी, किसान, मजदूर, नौजवान, महिलाओं और व्यापारियों का जीवन कठिन बना दिया है। लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतों ने परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है, जबकि बिजली दरों में वृद्धि से जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। साथ ही युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले पेपर लीक मामलों तथा सरकारी अस्पतालों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी प्रत्याशी बलिया अरविन्द गिरि ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण देश और प्रदेश की जनता अभूतपूर्व महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट का सामना कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों का समाधान करने में पूरी तरह विफल रही है और उसकी विदेश नीति भी असफल साबित हुई है।
अरविन्द गिरि ने कहा, “भाजपा सरकार के शासन में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। नौजवानों का भविष्य पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित हो रहा है और आम जनता महंगाई से त्रस्त है। सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता परेशान है।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त हो चुकी है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उसे लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।
प्रदर्शन के उपरांत समाजवादी पार्टी के नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपते हुए महंगाई पर नियंत्रण करने, पेट्रोल-डीजल एवं गैस सिलेंडर के दाम कम करने, बिजली दरों में राहत देने, पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा सरकारी अस्पतालों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
“महंगाई ने जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर और बिजली की बढ़ती कीमतों से हर परिवार परेशान है। नौजवान बेरोजगारी और पेपर लीक से त्रस्त हैं तथा सरकारी अस्पतालों में भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह नाकाम रही है। वर्ष 2027 में जनता इस जनविरोधी सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।”









