
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से लोक निर्माण विभाग (PWD) और ठेकेदार की लापरवाही का एक ऐसा अजूबा मामला सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। यहाँ सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान विभाग और ठेकेदार की ऐसी ‘जुगाड़ तकनीक’ देखने को मिली, जो अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है। दरअसल, सड़क निर्माण के रास्ते में एक कार खड़ी थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार ने उसे वहां से हटवाने की ज़हमत तक नहीं उठाई और कार के चारों तरफ ही डामर बिछाकर सड़क का निर्माण कर दिया।
🚨 BIG BREAKING | बहराइच 🚨
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) June 3, 2026
बहराइच में PWD ठेकेदार का कमाल, कार खड़ी रही… सड़क बनती रही
यूपी के बहराइच में सड़क निर्माण का ऐसा मामला सामने आया है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं। PWD के सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान सड़क पर एक कार खड़ी थी, लेकिन ठेकेदार ने कार हटवाने की जहमत नहीं उठाई… pic.twitter.com/6EOWSFUBal
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला बहराइच में चल रहे PWD के सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए करीब 50 करोड़ रुपये का भारी-भरकम टेंडर गोंडा जिले की ‘निर्भया कंस्ट्रक्शन कंपनी’ को दिया गया था। करोड़ों रुपये का बजट होने के बावजूद जमीनी स्तर पर काम किस कदर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना तरीके से हो रहा है, यह इस घटना ने साफ कर दिया है।
अब सड़क के बीचों-बीच खड़ी इस कार और उसके चारों तरफ बने निर्माण की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद ठेकेदार की कार्यशैली और PWD के आला अधिकारियों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर इतने बड़े और करोड़ों रुपये के प्रोजेक्ट की निगरानी करने वाले जिम्मेदार इंजीनियर और सुपरवाइजर वक्त पर कहां सो रहे थे? बिना किसी बाधा को हटाए इस तरह का घटिया निर्माण कैसे पास कर दिया गया? यह वायरल तस्वीर अब सरकारी सिस्टम की सुस्ती और ठेकेदारी के अड़ियल रवैये की सरेआम पोल खोल रही है।









