गूगल मैप ने दिखाया गलत रास्ता,परीक्षा केंद्र की जगह जंगल पहुंचे पुलिस भर्ती के अभ्यर्थी

मुजफ्फरनगर: आधुनिक दौर में राह दिखाने वाला गूगल मैप (Google Maps) कभी-कभी भारी मुसीबत का सबब भी बन जाता है, इसका एक जीता-जागता और हैरान करने वाला मामला मुजफ्फरनगर से सामने आया है। यहां उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए चार अभ्यर्थियों का भविष्य गूगल मैप की एक तकनीकी गड़बड़ी के कारण दांव पर लग गया। परीक्षा केंद्र की सही लोकेशन न दिखाने के कारण ये अभ्यर्थी समय पर एग्जाम सेंटर नहीं पहुंच सके और परीक्षा से वंचित रह गए।

मुजफ्फरनगर की जगह शामली के जंगल पहुंचाया
पीड़ित अभ्यर्थियों में हापुड़ और गाजियाबाद के 2-2 परीक्षार्थी शामिल हैं। ये सभी अभ्यर्थी मुजफ्फरनगर में निर्धारित अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए गूगल मैप के नेविगेशन का सहारा ले रहे थे। लेकिन गूगल मैप की गलत लोकेशन और त्रुटिपूर्ण रास्ते की वजह से ये चारों अभ्यर्थी मुजफ्फरनगर पहुंचने के बजाय पड़ोसी जिले शामली के बीहड़ जंगलों में जा पहुंचे। जब तक उन्हें इस गलती का अहसास हुआ और उन्होंने स्थानीय लोगों से रास्ता पूछा, तब तक परीक्षा का समय निकल चुका था और वे केंद्र में प्रवेश करने से चूक गए।

SP सिटी जांच कर गूगल को भेजेंगे नोटिस नुमा पत्र
इस बड़ी लापरवाही और अपने करियर को अधर में लटकता देख चारों परेशान अभ्यर्थी मुजफ्फरनगर के एसएसपी (SSP) कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। एसएसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, एसपी सिटी (SP City) इस पूरे मामले की तकनीकी जांच करेंगे और इसके बाद गूगल प्रबंधन को एक नोटिस नुमा पत्र भेजकर इस गंभीर गड़बड़ी पर जवाब तलब करेंगे।

Related Articles

Back to top button