गोंडा में दर्दनाक हादसा- सड़क पर घायलों की मदद कर रहे लोगों को SUV ने रौंदा, भाइयों समेत 5 की मौत

गोंडा-लखनऊ हाईवे पर देर रात पहले दो बाइकों में भिड़ंत, फिर अनियंत्रित SUV ने मददगारों को कुचला; एक परिवार के दो बेटों समेत गई जान, चार गंभीर रूप से घायल

गोंडा। गोंडा-लखनऊ हाईवे पर बुधवार देर रात एक ऐसा भयावह हादसा हुआ, जिसने सुनने वालों की रूह काँप दी। करनैलगंज के नरायनपुर भलियनपुरवा के पास पहले दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हुई। सड़क पर पड़े घायलों की मदद के लिए जैसे ही आसपास के लोग जमा हुए, तभी एक तेज़ रफ्तार SUV अनियंत्रित होकर सीधे भीड़ में घुस गई। इस दोहरी त्रासदी में सगे भाइयों समेत पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक परिवार के दो चिराग बुझे

मृतकों में गुलशन (25), संजय तिवारी, हसन मोहम्मद (40), इम्तियाज (27) और महज दस वर्षीय अंशुमान शामिल हैं। हसन और इम्तियाज सगे भाई थे, जिनकी एक साथ मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। घायल हुए अलताफ, तबरेज आलम, विनय सिंह और परवेज का सीएचसी करनैलगंज में इलाज जारी है।

मदद करने उतरे लोग बने हादसे का शिकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइकों की टक्कर के बाद कई लोग घायलों को सड़क से उठाने और मदद के लिए जमा हुए थे। इसी दौरान एक SUV अचानक अनियंत्रित होकर भीड़ के बीच घुस गई और कई लोगों को रौंदते हुए डिवाइडर पार कर सड़क किनारे जाकर रुकी। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने वाहन की पहचान कर हादसे के सटीक कारणों की जाँच शुरू कर दी है। इस घटना ने हाईवे पर सुरक्षा और ऐसे हादसों के दौरान भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button