औषधि विभाग की छापेमारी से डिप्रेशन में दवा कारोबारी, दो की मौत, थोक बाजार में दहशत

आगरा। औषधि विभाग की टीमें थोक दवा बाजार में लगातार छापेमारी कर रही हैं। इस कार्रवाई के चलते दवा कारोबारियों में दहशत का माहौल है और करीब 95 प्रतिशत बाजार बंद बताया जा रहा है। इसी बीच रविवार सुबह दो दवा कारोबारियों की मौत से बाजार में हलचल बढ़ गई।

रिचा मेडिकल एजेंसी संचालक की मौत

शास्त्रीपुरम निवासी रिचा मेडिकल एजेंसी के संचालक प्रेम जेसवानी की रविवार सुबह मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले उनकी फर्म पर औषधि विभाग ने कार्रवाई की थी। इसके बाद से वे डिप्रेशन में चल रहे थे। दवाओं की ओवरडोज से मृत्यु की बात कही जा रही है।

लवकुश मेडिकल स्टोर संचालक की भी मौत

वहीं, लवकुश मेडिकल स्टोर के संचालक कमल कुमार की भी रविवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनकी भी मृत्यु हो गई। उनकी मौत हार्ट अटैक से बताई जा रही है।

छापेमारी से दवा कारोबारियों में डर

दोनों कारोबारियों की मृत्यु औषधि विभाग की छापेमारी की दहशत के कारण हुई है, इस बारे में स्वजन और एसोसिएशन के पदाधिकारी कुछ नहीं कह रहे हैं। हालांकि, दवा कारोबारियों के बीच चर्चा है कि औषधि विभाग की छापेमारी ने दो युवा कारोबारियों की जान ले ली।

शुक्रवार से चल रही कार्रवाई

थोक दवा बाजार में शुक्रवार से आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. रोशन जैकब के निर्देशन में कार्रवाई चल रही है। प्रदेश के 28 औषधि निरीक्षकों की टीमें बंद दुकानों के ताले तोड़कर छापेमारी कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button