KGMU के डॉ. सूर्यकान्त चुने गए NATCON 2026 के प्रेसिडेंट,चिकित्सा जगत में लखनऊ का बढ़ा मान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की चिकित्सा राजधानी कहे जाने वाले किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के नाम एक और स्वर्णिम उपलब्धि दर्ज हुई है। केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त को प्रतिष्ठित ’81वें नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ट्यूबरकुलोसिस एंड चेस्ट डिजीज’ (NATCON 2026) का प्रेसिडेंट नामित किया गया है। यह घोषणा न केवल केजीएमयू, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के चिकित्सा जगत के लिए गर्व का विषय है।

यह राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण कॉन्फ्रेंस आगामी 1 से 4 अक्टूबर 2026 तक पंजाब के पटियाला में आयोजित की जाएगी। डॉ. सूर्यकान्त को यह गौरवपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय और चिकित्सा क्षेत्र के लिए एक बड़ा सम्मान है। डॉ. सूर्यकान्त लंबे समय से टीबी और श्वसन रोगों के क्षेत्र में अपने शोध और उत्कृष्ट कार्य के लिए जाने जाते हैं।

NATCON जैसी बड़ी कॉन्फ्रेंस में देशभर के नामी चेस्ट स्पेशलिस्ट और विशेषज्ञ शामिल होते हैं, जहां टीबी के खात्मे और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों के आधुनिक इलाज पर मंथन किया जाता है। डॉ. सूर्यकान्त के प्रेसिडेंट बनने से उम्मीद जताई जा रही है कि उत्तर प्रदेश के चिकित्सा शोध को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।

Related Articles

Back to top button