लखनऊ के पुरनिया में खौफनाक अग्निकांड, दीवार तोड़कर अंदर घुसे दमकल कर्मी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौके पर मौजूद

Lucknow : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया इलाके से इस वक्त एक बेहद डरावनी और बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग, जिसके ऊपर के फ्लोर पर कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था, उसमें अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी इमारत आग की ऊंची लपटों और काले जहरीले धुएं के गुबार से घिर गई। इस हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार और भारी अफरा-तफरी मच गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए 10 से 12 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने और फंसे हुए बच्चों व लोगों को बाहर निकालने के काम में जुट गई हैं।

जान बचाने को छज्जे से कूदे लोग, दीवार तोड़कर घुसी फायर ब्रिगेड
आग और धुएं का तांडव इतना भयानक था कि बिल्डिंग के भीतर फंसे छात्रों और अन्य लोगों को नीचे उतरने का रास्ता नहीं मिला। दम घुटने और जलने के डर से कई लोग अपनी जान बचाने के लिए सीधे बिल्डिंग के छज्जे से नीचे कूद पड़े। इसी बीच, अंदर फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जांबाज दमकल कर्मियों ने सूझबूझ दिखाई और बिल्डिंग की पक्की दीवार को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और कई लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।

CM योगी ने लिया संज्ञान, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे ग्राउंड जीरो पर
इस बड़े हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत घटना का संज्ञान लिया और अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। वहीं, प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक खुद तुरंत मौके पर (ग्राउंड जीरो) पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाली।

मीडिया से बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, “हमारी सबसे पहली प्राथमिकता बच्चों और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बचाना है। कई लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला जा चुका है। बिल्डिंग के हर एक कमरे की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि कोई अंदर छूटा न रह जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राजधानी के सभी संबंधित अस्पतालों को तत्काल अलर्ट मोड पर रख दिया गया है।” फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं।

Related Articles

Back to top button