
Lucknow : राजधानी लखनऊ के पुरनिया स्थित एक कोचिंग सेंटर की इमारत में हुए भीषण और दिलदहला देने वाले अग्निकांड ने पूरे उत्तर प्रदेश शासन को हिलाकर रख दिया है। हादसे की भयावहता और बढ़ते मौत के आंकड़ों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद संवेदनशील फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने न सिर्फ अपना अलीगढ़ का पूर्व निर्धारित रात्रि विश्राम रद्द कर दिया है, बल्कि अगले दिन हाथरस में होने वाली अपनी महत्वपूर्ण जनसभा को भी तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ से सीधे लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं।
‘अलीगढ़ रुकने वाला था, लेकिन लखनऊ की घटना बहुत बड़ी है’
अलीगढ़ में मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ हादसे का संज्ञान लेते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “मेरा कार्यक्रम अलीगढ़ में ही रात्रि विश्राम का था और मैं यहां रात को रुकने वाला था। लेकिन लखनऊ में जो यह बड़ी और अत्यंत दुखद दुर्घटना हुई है, उसको देखते हुए मैं अपना कार्यक्रम बदल रहा हूं। मैं अभी तुरंत लखनऊ के लिए निकलूंगा।” मुख्यमंत्री के इस कदम से साफ है कि सरकार इस हादसे को कितनी गंभीरता से ले रही है।
हाथरस की जनसभा स्थगित, ग्राउंड जीरो पर पहुंचेंगे CM
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ में 6 से अधिक शव निकाले जाने और मौतों का आंकड़ा 10 के पार जाने की आशंका के बीच मुख्यमंत्री खुद ग्राउंड जीरो की कमान संभालना चाहते हैं। यही वजह है कि उन्होंने हाथरस की जनसभा को आगे के लिए टाल दिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों के प्रति अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ितों और मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। लखनऊ पहुंचते ही मुख्यमंत्री घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे सकते हैं।









