
वाराणसी। धर्म की नगरी काशी में गंगा में आस्था रखने वाले आस्थावानों की आस्था को ठेस पहुंचाने वालो पर सख्त कार्रवाई हो था है। विगत रमजान के महीने में जहां मुस्लिम युवकों ने गंगा में बिरयानी पार्टी कर हडि्डयों को गंगा में फेंका, तो वहीं अब गंगा के बीच नाव पर चिकन बनाते और बियर पार्टी किए जाने का मामला सामने आया है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वायरल हो रहे वीडियो में कुछ नाविक और स्थानीय युवक नाव पर चिकन बनाते हुए बियर की केन दिखा रहे है। ऐसे में वीडियो सामने आने के बाद वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस एक्शन में आई और मामले में मुकदमा दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वही जिस नाव पर चिकन और बियर पार्टी चली पुलिस ने उसे भी सीज कर दिया।
चिकन बनाते और बियर की केन लहराते वीडियो बनाया…
वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में गंगा में चिकन और बियर पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद काफी आलोचना शुरू हो गई। नाव पर चिकन बनाते और हांथों में बियर की केन लहराते इन युवकों की पहचान स्थानीय नाविकों के रूप में हुई। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने स्थानीय नाविकों और अज्ञात के खिलाफ BNS की धारा 192(2) और 299 में मुकदमा दर्ज किया। वही मामले की गंभीरता को देखते हुए दीपक साहनी,अजय साहनी, अरुण कुमार,अनुराग निषाद और राहुल साहनी को गिरफ्तार किया। वही वीडियो में दिख रहे अन्य युवकों की तलाश पुलिस टीम कर रही है।

पुलिस ने बताया वीडियो है पुराना, वायरल वीडियो का लिया गया संज्ञान…
गंगा में चिकन और बियर पार्टी मामले को लेकर दशाश्वमेध क्षेत्र के ACP अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि सोशल मीडिया पर चिकन और बियर के साथ युवकों के पार्टी का वीडियो वायरल होने पर उनके संज्ञान में मामला आया। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और 5 नाविकों को गिरफ्तार कर उक्त नाव को सीज करने की कार्रवाई की गई। हालांकि हो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वह पुराना प्रतीत हो रहा है। क्योंकि वीडियो में कुछ युवकों ने जैकेट और स्वेटर पहन रखा है।









