
ललितपुर : उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के पुरा कलां-हंसर मार्ग पर रविवार रात ऑल्टो कार और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दूर के रिश्ते में चाचा-भतीजे लग रहे थे।
थाना बार के गांव लड़वारी निवासी 55 वर्षीय महेंद्र सिंह उर्फ गब्बू राजा अपने दूर के रिश्ते के चाचा तालबेहट थाना क्षेत्र के गांव पिपरई निवासी 55 वर्षीय शिशुपाल सिंह पुत्र सूरज सिंह के साथ शादी समारोह में गांव पुरा कलां गए थे।
शादी समारोह से लौट रहे थे
शादी समारोह से बाइक से घर लौटते समय जब वह विजयपुरा और हंसर कलां के बीच बरुआ नाले के पास पहुंचे, तो ‘प्रधान’ नाम की तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक कार में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया।
बता दे रात करीब एक बजे के बाद राहगीरों ने दोनों युवकों को सड़क पर पड़ा देखा। उन्हें कम्युनिटी हेल्थ सेंटर तालबेहट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों ने बताया कि मृतक महेंद्र सिंह उर्फ गब्बू राजा तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर का था और खेती करता था।
वहीं, मृतक शिशुपाल सिंह छह भाइयों और एक बहन में था, उसके चार बेटे और दो बेटियां हैं। वे भी खेती करते थे। पूराकलां थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर सत्यदेव पाठक ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









