यूपी में आज से झमाझम बारिश शुरू, लखनऊ-नोएडा से लेकर गोरखपुर तक 60 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में आज सुबह से झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। नोएडा में रिमझिम बारिश हो रही है तो संभल और सोनभद्र जिले में तेज बारिश से कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। वहीं, बुलंदशहर में मानसून की पहली बारिश में ही खुर्जा नगर पालिका के तमाम दावे ध्वस्त हो गए और कॉलेज रोड समेत शहर के कई इलाकों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने प्रदेश के करीब 60 जिलों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर का दिखेगा असर

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर सिस्टम बना हुआ है, जिसके प्रभाव से देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं। इस सिस्टम के चलते 7 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं, अगले तीन दिनों तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर अरब सागर के कुछ हिस्सों, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

इन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, औरैया, इटावा, कानपुर देहात, जालौन, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, बस्ती, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, सुल्तानपुर, सीतापुर, हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, रायबरेली, फर्रुखाबाद, बदायूं, संभल, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों में भारी बारिश, छिटपुट बारिश, आंधी और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

अब तक सामान्य से 45% कम बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पूरे उत्तर प्रदेश में अब तक औसतन 73.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर यह 134.5 मिमी होनी चाहिए थी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 जून से 6 जुलाई तक औसतन 69.1 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य 150.6 मिमी से 54 प्रतिशत कम है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अब तक औसतन 79.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 111.9 मिमी से 29 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि मौजूदा बारिश के दौर से प्रदेश में बारिश की इस कमी में काफी हद तक सुधार आएगा।

Related Articles

Back to top button