
नई दिल्ली। बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान ने दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके पंचशील पार्क स्थित उस पूरी बिल्डिंग को खरीद लिया है, जहां उन्होंने 1991 में शादी के बाद गौरी खान के साथ अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की थी। एक्टर के पास पहले से ही इस रिहायशी प्रॉपर्टी का बेसमेंट और पहला फ्लोर मौजूद था और अब उन्होंने दूसरी और तीसरी मंजिल भी खरीदकर पूरी बिल्डिंग के इकलौते मालिक बन गए हैं। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, इन अतिरिक्त फ्लोर की खरीद के लिए शाहरुख ने करीब 37 करोड़ रुपये चुकाए हैं।
कितनी बड़ी है यह प्रॉपर्टी?

दक्षिण दिल्ली के सबसे महंगे रिहायशी इलाकों में शुमार पंचशील पार्क में स्थित यह पूरा प्लॉट करीब 1,200 स्क्वायर यार्ड यानी लगभग 10,800 स्क्वायर फीट में फैला हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, इस नए सौदे की कुल कीमत 37 करोड़ रुपये तय की गई है, जिसमें जमीन की कीमत लगभग 34,260 रुपये प्रति स्क्वायर फीट आंकी गई है। इस अधिग्रहण के बाद अब पूरी बिल्डिंग का मालिकाना हक आधिकारिक रूप से शाहरुख खान के नाम हो गया है।
शादी के बाद की यादों से जुड़ा है यह घर

शाहरुख खान और गौरी खान की शादी 25 अक्टूबर 1991 को तीन अलग-अलग रीति-रिवाजों—कोर्ट मैरिज, पारंपरिक हिंदू शादी और निकाह—से हुई थी। शादी के तुरंत बाद यह कपल इसी घर में रहने लगा था और कुछ समय बाद शाहरुख फिल्मों में फुल-टाइम करियर बनाने के लिए मुंबई शिफ्ट हो गए थे। यही वजह है कि इस घर से दोनों का गहरा भावनात्मक जुड़ाव है।
गौरी खान ने खुद किया है घर को डिजाइन

गौरी खान ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि वे दिल्ली से हैं और उन्होंने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा यहीं बिताया है, इसलिए वे अपनी मां के घर के पास एक ऐसा घर खरीदना और डिजाइन करना चाहती थीं, जहां परिवार की सारी यादें एक छत के नीचे रह सकें। उनके मुताबिक, इस घर का हर कोना बच्चों के बड़े होने के अलग-अलग दौर की याद दिलाता है।

घर में है खास ‘नॉस्टैल्जिया वॉल’
गौरी खान ने बताया था कि इस घर में एक ‘नॉस्टैल्जिया वॉल’ यानी यादों की दीवार बनाई गई है, जहां बच्चों के बचपन की चीजें रखी गई हैं। इस दीवार पर सुहाना के मेकअप ब्रश, आर्यन का बैडमिंटन रैकेट, अबराम का पहला बर्थडे गिफ्ट और शाहरुख के बनाए आर्टवर्क लगे हैं।

इसके अलावा शाहरुख की तरफ से मिले कुछ खूबसूरत एंटिक्स और पोस्टकार्ड भी फ्रेम करके इसी दीवार पर सजाए गए हैं, जिसे गौरी घर का अपना सबसे पसंदीदा कोना मानती हैं।









