उन्नाव में सर्विस रोड पर हुए धंसाव की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई, यातायात पूरी तरह सुचारु

उन्नाव : एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर पहली बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर धंसाव या क्षति होना प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण हो सकता है। लगातार बारिश, जलभराव और मिट्टी के कटाव की वजह से ऐसी स्थिति बनने की संभावना रहती है।

सुरक्षा से जुड़े कार्य शुरू कर दिए

पटेल इन्फ्रास्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट मैनेजर सतीश ने जारी बयान में बताया कि सर्विस रोड पर धंसाव की जानकारी मिलते ही कंपनी की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मरम्मत और सुरक्षा से जुड़े कार्य शुरू कर दिए। उन्होंने दावा किया कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा और आवागमन पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारु रूप से जारी रहा।

प्रभावित स्थान की लगातार निगरानी की जा रही

बता दे कि कंपनी के अनुसार प्रभावित स्थान की लगातार निगरानी की जा रही है। स्थायी और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए तकनीकी सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं। कंपनी ने कहा कि निर्माण गुणवत्ता, यातायात सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा उसकी पहली प्राथमिकता है।

जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही

कंपनी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और केवल अधिकृत माध्यमों से जारी सूचनाओं को ही सही मानें। एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी टीमें लगातार काम कर रही हैं और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button