दिल्ली पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के तीन शूटर गिरफ्तार, टारगेट किलिंग की साजिश रचते हुए पकड़े गए

नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, ये तीनों दिल्ली में एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे और टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में से दो उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले हैं, जबकि एक दिल्ली का निवासी है।

कैसे पकड़े गए शूटर?

पुलिस का दावा है कि इन शूटरों की गतिविधियों के बारे में खुफिया सूचना मिली थी, जिसके बाद स्पेशल स्टाफ की टीम ने उन्हें ट्रैक करना शुरू कर दिया। कड़ी निगरानी और तकनीकी जांच के आधार पर तीनों को दबोच लिया गया। पूछताछ में पता चला कि इन्हें विदेश में बैठे नेटवर्क के जरिए लगातार निर्देश और जानकारियां मिल रही थीं, जिसके बाद इन्हें दिल्ली में बड़ी सनसनीखेज वारदात को अंजाम देना था।

कई आपराधिक मामलों में थे वांटेड

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए ये तीनों शूटर दिल्ली में पहले भी कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं और हत्या व फायरिंग समेत कई गंभीर मामलों में वांटेड थे। फिलहाल पुलिस इनसे विस्तृत पूछताछ कर रही है और उस नेटवर्क की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, जो विदेश से इन शूटरों को संचालित कर रहा था।

Related Articles

Back to top button