
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और परीक्षा प्रणाली को लेकर तीखा हमला बोला है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबरों और चल रहे छात्र आंदोलनों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने इसे देश के युवाओं और ‘Gen-Z’ (जेन-जी) की एक बड़ी और ऐतिहासिक जीत बताया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार सिर्फ कुप्रबंधन को छिपाने और मैनेज करने में लगी रही, लेकिन जब देश के युवाओं की ताकत सामने आई, तो सरकार को झुकना ही पड़ा। उन्होंने प्रधानमंत्री के हालिया संबोधन का जिक्र करते हुए कहा कि नई पीढ़ी के लोग रात में जगते हैं और अपनी आवाज बुलंद करते हैं, यही वजह है कि प्रधानमंत्री को रात में भाषण देना पड़ा।
सपा प्रमुख ने सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को इस पूरे आंदोलन से सबक लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को आखिरकार जनता और छात्रों की एकता के आगे झुकना पड़ा है। अखिलेश यादव के इस बयान के बाद राज्य और देश की राजनीति में एक बार फिर से सरगर्मी काफी बढ़ गई है।









