
औरैया: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और परिवार दोनों को चौका दिया है। जिस व्यक्ति को परिवार ने मृत समझकर अंतिम संस्कार कर दिया था, वही व्यक्ति अपने शुद्धि कार्यक्रम के दिन अचानक जिंदा वापस लौट आया।
परिवार के लोगों के साथ पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए
मामला अटसू क्षेत्र के सैदपुर गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले कमल को परिवार और पुलिस ने मृत मान लिया था। इसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया था। लेकिन जब कमल अचानक अपने घर पहुंचा तो उसे सामने देखकर परिवार के लोगों के साथ पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
जानकारी के मुताबिक, एक ढहाए गए होटल के मलबे से एक शव बरामद हुआ था। शव की पहचान कमल के रूप में की गई थी। कमल के भाई ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की थी, जिसके बाद परिवार ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर दी थी।
अब शव की सही पहचान करना बड़ी चुनौती बन गया
अब कमल के जिंदा मिलने के बाद पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस अब उस शव की दोबारा जांच कर रही है, जिसका अंतिम संस्कार कमल के नाम पर किया गया था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर वह शव किसका था और पहचान में इतनी बड़ी गलती कैसे हुई। कमल के वापस लौटने के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। परिवार के लिए यह घटना किसी चमत्कार से कम नहीं है, वहीं पुलिस के सामने अब शव की सही पहचान करना बड़ी चुनौती बन गया है।









