
हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के पतयोरा गांव में एक महिला की आग लगने से मौत हो गई। बता दे कि घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली थी।वही सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
वही मृतका की पहचान पतयोरा गांव निवासी रमाकांत निषाद की पत्नी रेनू निषाद (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले रेनू ने अपने पति से फोन पर बातचीत की थी। इसके बाद उन्होंने घर में ही आग लगा ली, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई।
मुंबई में मजदूरी करता है पति
परिजनों के अनुसार, रेनू के पति रमाकांत मुंबई में मजदूरी करते हैं। रेनू गांव में अपनी आठ वर्षीय बेटी सानवी और पांच वर्षीय बेटे आकाश के साथ रहती थीं। मृतका के ससुर कामता निषाद ने बताया कि उनके तीनों बेटे अलग-अलग रहते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद रमाकांत मुंबई से गांव के लिए रवाना हो गए हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
महिला के आग लगाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को भी सूचना दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









