आधी सैलरी मांगने वाले IAS रिंकू सिंह राही ने फिर किया हंगामा, बोले- कमरा न मिला तो गेट पर डाल दूंगा चारपाई

जालौन। विवादों में रहने वाले आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही का हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा। कुछ दिन पहले ही उन्होंने काम कम होने का हवाला देकर अपनी आधी तनख्वाह काटने की मांग कर डाली थी, जिसकी चर्चा अभी शांत भी नहीं हुई थी कि सोमवार को वह अपने दफ्तर के लिए कमरा लेने को लेकर तहसील परिसर में जमकर भिड़ गए। हालत यह हो गई कि उन्होंने सरकारी फाइलें और फर्नीचर तक उठवाकर वहां पहुंचा दिया।

दो घंटे तक खुलता रहा ताला

दरअसल, नवीन तहसील भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब वहां दफ्तरों को शिफ्ट किया जा रहा है। सोमवार शाम करीब चार बजे एसडीएम रिंकू सिंह राही अपने कार्यालय का सारा सामान, फर्नीचर और सरकारी अभिलेख लेकर नई तहसील बिल्डिंग पहुंच गए। लेकिन वहां किसी ने उनके लिए कमरे का ताला नहीं खोला। वह करीब दो घंटे तक परिसर में इंतजार करते रहे। हारकर उन्होंने कह दिया कि अगर जल्दी कमरा नहीं मिला तो वह सरकारी कागजातों की हिफाजत के लिए परिसर में ही चारपाई डालकर लेट जाएंगे।

पहले भी हो चुके हैं विवाद

बता दें कि रिंकू सिंह राही को इसी साल पांच मई को जालौन तहसील में एसडीएम की जिम्मेदारी दी गई थी। कुछ ही दिनों में ब्लॉक प्रमुख के कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण को लेकर उनका विवाद हो गया, जिसके बाद 30 जून को उनका तबादला एसडीएम न्यायिक उरई सदर कर दिया गया। वहां भी नगरपालिका के कामकाज की जांच के दौरान अधिशासी अधिकारी से उनकी तकरार हो गई। इसके बाद नौ जुलाई को उन्होंने शासन को पत्र लिखकर आधे काम का आधा वेतन देने की मांग कर दी, जिसने पूरे प्रदेश में सनसनी मचा दी थी।

नायब तहसीलदार बोले- कमरा दे दिया गया

सोमवार देर शाम नायब तहसीलदार राहुल मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि पत्र देर से मिलने की वजह से कमरा खोलने में देरी हो गई। इसके बाद अधिकारी के लिए तुरंत एक कक्ष खोलकर उपलब्ध करा दिया गया।

Related Articles

Back to top button