एटा में स्कूल के कमरे में मिला बुजुर्ग का शव, सामान हटाने के बाद घटना से उठे सवाल; जांच में जुटी पुलिस

एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक स्कूल के क्लासरूम में बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना अलीगंज क्षेत्र के राजगुरु ओरिएंटल स्कूल की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

नमकीन बेचने का काम करता था

जानकारी के मुताबिक, स्कूल के एक कमरे में बुजुर्ग व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक स्कूल में समोसे और नमकीन बेचने का काम करता था। वह स्कूल परिसर में ही अपना सामान रखता था।

स्कूल प्रबंधन ने बुजुर्ग का सामान बाहर निकाल दिया था

बताया जा रहा है कि करीब तीन दिन पहले स्कूल प्रबंधन ने बुजुर्ग का सामान बाहर निकाल दिया था। आरोप है कि उसका सामान स्कूल से बाहर फेंक दिया गया था। इसके बाद अब स्कूल के क्लासरूम में उसका शव मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, आसपास के लोगों और स्कूल से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।फिलहाल इस घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button