
महराजगंज: सिसवा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां निर्माणाधीन तालाब में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
निर्माणाधीन तालाब में नहाने पहुंचे थे
जानकारी के अनुसार, सिसवा के मीराबाई नगर वार्ड नंबर 25 के पोखरा टोला निवासी चार किशोर रविवार दोपहर निर्माणाधीन तालाब में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान तीन किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद एक किशोर ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। कोठीभार थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बता दे कि काफी प्रयास के बाद तीनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला गया और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव और अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ तीन किशोरों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला तालाब में नहाने के दौरान डूबने से हुई मौत का सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।









