
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से इस वक्त की एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। बभनी थाना क्षेत्र के चपकी गांव निवासी सराफा कारोबारी कुलधीर कुमार से करीब 15 दिन पहले हुई 62 लाख से अधिक के आभूषणों की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश पंकज शाह गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसके पैर में गोली लगी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पत्रकार वार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि बभनी थाना प्रभारी, एसओजी टीम और दुद्धी पुलिस अरझट पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शीशटोला की तरफ से आ रहे बाइक सवार दो संदिग्धों को जब रोकने का प्रयास किया गया, तो वे फिसलकर गिर गए। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश पंकज शाह के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि, उसका साथी संजय साकेत अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार कांबिंग कर रही है।
घायल बदमाश को इलाज के लिए सीएचसी बभनी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट का बैग, 62 लाख 22 हजार पांच सौ रुपये कीमत के भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, एक तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस फरार साथी की तलाश और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।









