
फुकेट से दिल्ली आ रही Air India की उड़ान AI2379 में 300 फीट के अचानक ड्रॉप और यात्रियों के घायल होने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। उड़ान के पायलट-इन-कमांड (मुख्य पायलट) का दूसरा डोप टेस्ट भी पॉजिटिव पाया गया है।
Air India के सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद तय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत दोनों पायलटों का अनिवार्य Psychoactive Substance (डोप) टेस्ट कराया गया था। शुरुआती स्क्रीनिंग रिपोर्ट में मुख्य पायलट के सैंपल पॉजिटिव पाए गए थे, जिसके बाद पुष्टि के लिए सैंपल को दूसरी लैब भेजा गया था।
दूसरी लैब से आई रिपोर्ट में भी पायलट के Marijuana (गांजा) सेवन की पुष्टि हुई है। इस मामले में यात्रियों ने भी टर्बुलेंस के तुरंत बाद पायलट के नशे की हालत में होने का आरोप लगाया था।
हालांकि, पायलट की कंफर्मेटरी लैब रिपोर्ट और गांजा सेवन की पुष्टि को लेकर Air India की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सख्त कार्रवाई की तैयारी
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और सुरक्षा एजेंसियां इस रिपोर्ट को गंभीरता से ले रही हैं। उड़ान के दौरान 13 यात्री और 4 क्रू सदस्य घायल हुए थे। अब डोप रिपोर्ट को आधिकारिक जांच रिकॉर्ड का हिस्सा बनाया जा रहा है, जिसके बाद पायलट पर अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है।
टर्बुलेंस के वक्त पायलट की मौजूदगी पर उठे सवाल
मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि जब विमान अचानक 300 फीट नीचे आया, तब पायलट-इन-कमांड कॉकपिट में अपनी सीट पर मौजूद थे या नहीं।
जांच एजेंसियां ब्लैक बॉक्स के Cockpit Voice Recorder (CVR) और Flight Data Recorder (FDR) के जरिए यह पता लगाने में जुटी हैं कि घटना के समय मुख्य पायलट अपनी सीट पर थे, कॉकपिट से बाहर थे या विमान फर्स्ट ऑफिसर के नियंत्रण में था।
को-पायलट ने संभाला विमान
सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय मुख्य पायलट की स्थिति सामान्य नहीं दिख रही थी और उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी। बताया जा रहा है कि केबिन क्रू को उनकी मदद करनी पड़ी।
विमान के अचानक ऊंचाई खोने के बाद युवा को-पायलट ने नियंत्रण संभाला और विमान को स्थिर करते हुए दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग कराई।
300 फीट नीचे आ गया था विमान
4 अगस्त को Air India की फ्लाइट AI2379 (Airbus A320, VT-EXO) क्रूज के दौरान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गई थी। विमान में 137 यात्री और 8 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे। घटना के बाद विमान सुरक्षित दिल्ली पहुंचा।
AAIB कर रहा मामले की जांच
इस घटना की जांच Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के Annexure 13 के तहत कर रहा है। वहीं जांच में सहयोग के लिए Airbus और BEA की टीम भी दिल्ली पहुंच रही है।
अहमदाबाद हादसे के बाद फिर सवालों में Air India
Air India के लिए यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि जून 2025 के अहमदाबाद विमान हादसे के बाद एयरलाइन की सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था सवालों के घेरे में रही है। ऐसे में पायलट के डोप टेस्ट में गांजा सेवन की पुष्टि ने कॉकपिट क्रू की फिटनेस और नशे की निगरानी को लेकर नई बहस शुरू कर दी है।









