BJP में शामिल होंगे सपा के बागी विधायक… तारीखों का हुआ ऐलान…

सपा के बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी 14 अक्टूबर को बीजेपी में शामिल होंगे। अमेठी में हुआ बड़ा ऐलान।

उत्तर प्रदेश की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका देते हुए उसके तीन बागी विधायक आधिकारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने जा रहे हैं। अमेठी के गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह, अयोध्या के गोसाईगंज से विधायक अभय सिंह और जालौन के कालपी से विधायक विनोद चतुर्वेदी आगामी 14 अक्टूबर को भव्य कार्यक्रम के दौरान बीजेपी में शामिल होंगे।

बता दें, अमेठी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने आज दोपहर 12 बजे अपने आवास ‘मंगलम’ पर औपचारिक रूप से इसकी घोषणा की। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो राम और राष्ट्र का नहीं हो सकता, उसके साथ कदम नहीं बढ़ाया जा सकता। उन्होंने ऐलान किया कि 14 अक्टूबर को हजारों कार्यकर्ताओं के साथ वह पार्टी की औपचारिक सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस मेगा ज्वॉइनिंग इवेंट में पूर्व सांसद स्मृति ईरानी और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

गौरतलब है कि ये तीनों विधायक पिछले दिनों हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग करके चर्चा में आए थे, जिसके बाद से ही उनके बीजेपी में शामिल होने की राजनीतिक गलियारों में अटकलें लगाई जा रही थीं। सुरक्षा के मद्देनजर राज्य सरकार ने इन तीनों ही विधायकों को पहले ही ‘वाई प्लस’ सुरक्षा मुहैया करा रखी है। इस राजनीतिक फेरबदल से अमेठी और आसपास के क्षेत्रों में सियासी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button