लखनऊ में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़… प्लास्टिक सर्जरी और डॉक्टर की भूमिका पर बड़ा खुलासा…

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। उज्बेकिस्तान की फरार महिला लोला कायोयोवा प्लास्टिक सर्जरी के लिए आते समय गिरफ्तार हुई, डॉक्टर की भूमिका जांच के घेरे में है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का मामला सामने आया है। पुलिस ने सुशांत गोल्फ सिटी के न्यू हजरतगंज स्थित एक फ्लैट (नंबर 527) पर छापेमारी कर उज्बेकिस्तान की नागरिक लोला कायोयोवा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह महिला लंबे समय से देह व्यापार के धंधे में शामिल थी और पुलिस पिछले साल 2025 से ही इसकी तलाश कर रही थी, जब विदेशी महिलाओं की गिरफ्तारी के दौरान यह फरार हो गई थी।

जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी महिला अपनी पहचान छिपाने और चेहरे में बदलाव लाने के लिए प्लास्टिक सर्जरी कराने लखनऊ आई थी। इस पूरे मामले में मिनर्वा अस्पताल के डॉक्टर विवेक गुप्ता की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि लोला की मुलाकात डॉक्टर विवेक गुप्ता से थाईलैंड में हुई थी, और उसी ने महिला को रहने के लिए फ्लैट उपलब्ध कराया था। डॉक्टर की इस मामले में संलिप्तता की गहनता से जांच की जा रही है।

खास बात यह है कि उज्बेकिस्तानी महिला का वीजा और पासपोर्ट अवधि समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वह अवैध रूप से देश में रह रही थी और उसने अपने नाम पर कई फर्जी दस्तावेज भी बनवा रखे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और डॉक्टर की संलिप्तता के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button