UP T20 लीग का आगाज आज से, काशी रुद्रास और मेरठ मावरिक्स के बीच होगा पहला मुकाबला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ की बहुप्रतीक्षित यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का रोमांच शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन मुकाबले में गत चैंपियन काशी रुद्रास का मुकाबला पिछले सत्र की उपविजेता मेरठ मावरिक्स से होगा।

क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मैच इसलिए खास है, क्योंकि पिछले सीजन की दो सबसे मजबूत टीमें आमने-सामने होंगी। इस बार लीग में क्रिकेट के साथ-साथ संगीत, मनोरंजन और फूड कार्निवल का भी खास इंतजाम किया गया है। सभी मुकाबलों का भारत में जियो हॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स 2 पर सीधा प्रसारण होगा, जबकि 150 से ज्यादा देशों में भी इसे दिखाया जाएगा।

स्टार खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें

उद्घाटन मैच में काशी रुद्रास अपनी चैंपियन वाली लय बरकरार रखने उतरेगी, तो मेरठ मावरिक्स पिछली बार फाइनल में मिली हार का बदला लेने के इरादे से पूरी ताकत झोंकेगी। मेरठ की तरफ से टी-20 स्पेशलिस्ट रिंकू सिंह सबसे बड़ा आकर्षण होंगे, जबकि काशी की कमान करन शर्मा के हाथों में होगी।

क्रिकेट जानकारों का मानना है कि मेरठ की आक्रामक बल्लेबाजी और काशी की संतुलित गेंदबाजी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। यह लीग प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए आईपीएल और राज्य टीम तक पहुंचने की सबसे बड़ी सीढ़ी साबित हो रही है।

स्पीड हंट से निकला सितारा

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस बार लीग को क्रिकेट, कॉन्सर्ट, सेलिब्रेशन और खाने के अनुभव….चार ‘सी’ के रूप में पेश किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड गायक शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलस की धमाकेदार प्रस्तुति के साथ ड्रोन शो और लेजर लाइट शो दर्शकों का दिल जीतेंगे।

स्टेडियम में पानी और खाने-पीने की चीजें एमआरपी पर ही मिलेंगी। बिना ट्रायल फीस के आयोजित स्पीड हंट से निकले युवा तेज गेंदबाज शुभम गौतम को 2.50 लाख के बेस प्राइस से शुरू हुई नीलामी में नोएडा सुपर किंग्स ने रिकॉर्ड 21.50 लाख रुपये में खरीदा था।

लखनऊ से शुरू, कानपुर में होगा फाइनल

चौथे सीजन में छह टीमों के बीच कुल 34 मुकाबले होंगे। पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ में खेला जाएगा, जबकि प्लेऑफ और फाइनल समेत दूसरे चरण के मुकाबले 28 अगस्त से 6 सितंबर के बीच कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होंगे।

Related Articles

Back to top button