
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए युवाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए। पीएम मोदी ने कहा कि देश के 1 करोड़ युवाओं को Artificial Intelligence (AI) स्किलिंग कोर्स में प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रधानमंत्री ने तकनीकी विकास को देश की प्रगति का अहम हिस्सा बताया और कहा कि भारत को AI, रोबोटिक्स, क्वांटम टेक्नोलॉजी, स्पेस और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में देश के युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी।
पीएम मोदी ने स्पोर्ट्स टैलेंट हंट शुरू करने का भी ऐलान किया, जिसके तहत गांवों और शहरों में 5 से 15 साल तक के बच्चों की प्रतिभा को पहचाना और निखारा जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं, चाहे वह खेल हो, STEM शिक्षा हो या सशस्त्र बल।
प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र को लेकर कहा कि अगले एक से दो साल में सात से आठ नए उत्पादन संयंत्र काम करना शुरू कर देंगे। उन्होंने 2047 तक भारत की परमाणु ऊर्जा क्षमता को 100 GW तक पहुंचाने का लक्ष्य भी बताया।









