स्वतंत्रता दिवस पर CM योगी का बड़ा ऐलान, युवाओं के लिए शुरू होगी ‘यूथ ब्रिगेड योजना’, रोजगार और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की। सीएम योगी ने राज्य में ‘यूथ ब्रिगेड योजना’ (मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान) शुरू करने का ऐलान किया। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगार और व्यापार के क्षेत्र में मजबूत समर्थन देना है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए नई पहल शुरू कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगी।

सीएम योगी ने अपने संबोधन में मंगल पांडे, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, अवंती बाई और झलकारी बाई को याद किया। उन्होंने कहा कि इन महान वीरों के बलिदान से ही आज हमें स्वतंत्रता मिली है।

मुख्यमंत्री ने यूपी पुलिस के शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शामली में अपराधियों से मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिसके लिए उन्हें मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया।

सीएम योगी ने कहा कि आजादी की रक्षा करना किसी एक व्यक्ति, समुदाय या जाति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने देशवासियों से विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए अपने-अपने क्षेत्र में योगदान देने की अपील की।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के दौरान 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) के जवानों ने 21 तोपों की सलामी दी।

Related Articles

Back to top button