
लखनऊ। UPT20 League Season 4 के भव्य उद्घाटन समारोह के दौरान लीग चेयरमैन संजय कपूर ने टूर्नामेंट के भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में UPT20 League के मुकाबले वाराणसी और गोरखपुर जैसे शहरों में भी आयोजित किए जाएंगे।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और हजारों दर्शकों की मौजूदगी में संजय कपूर ने उत्तर प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं और लीग के विस्तार पर बात की।
संजय कपूर ने कहा कि UPT20 League ने प्रदेश में क्रिकेट का माहौल बदल दिया है। यह सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक उत्सव है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के सहयोग के लिए आभार जताया।
उन्होंने लीग के लिए शुरू किए गए ‘स्पीड हंट’ अभियान की सफलता का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस ग्रासरूट टैलेंट हंट के जरिए ग्रामीण इलाकों के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे आने का मौका मिला। इन खिलाड़ियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया और अब वे UPT20 League की सभी छह टीमों का हिस्सा हैं।
संजय कपूर ने कहा कि ऑक्शन में इन खिलाड़ियों की लाखों रुपये में बोली लगना साबित करता है कि उत्तर प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच देने की है।
लीग के विस्तार की योजना बताते हुए उन्होंने कहा कि इस समय UPT20 League के मुकाबले लखनऊ और कानपुर में आयोजित किए जा रहे हैं, लेकिन आने वाले समय में वाराणसी, गोरखपुर और अन्य शहरों में भी मैच आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और लीग का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों को मौका देना और प्रदेश में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।









