बिहार के अशोक धाम मंदिर में भगदड़, करंट लगने से 7 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

बिहार के लखीसराय जिले में सावन सोमवार के मौके पर बड़ा हादसा हो गया। अशोक धाम स्थित इंद्र दमनेश्वर मंदिर में करंट लगने के बाद भगदड़ मच गई, जिसमें 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, सावन सोमवार होने के कारण मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान बिजली के पोल में करंट उतरने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया

करंट लगने के बाद श्रद्धालुओं में डर फैल गया और देखते ही देखते भगदड़ मच गई। हादसे में कई लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

सावन सोमवार के दिन मंदिर में भारी भीड़ होने के कारण हादसा और भी गंभीर हो गया। प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

Related Articles

Back to top button