
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्य की बदहाल शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया और इसे मौजूदा सरकार की सबसे बड़ी विफलता करार दिया है।
बता दें, अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया और अपने बयानों के जरिए कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे अब 14 साल तक के बच्चों का भी सरकार से भरोसा उठ चुका है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज राज्य के हालात ऐसे हो गए हैं कि अपनी मांगों और स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी जैसे मुद्दों को उठाने के लिए छात्राओं को खुद सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
वहीं, सपा प्रमुख ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुए तंज कसते हुए पूछा, “आखिर उत्तर प्रदेश में कोई शिक्षा मंत्री है भी या नहीं?” उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार युवाओं और बच्चों के भविष्य के प्रति गंभीर नहीं है, और स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं व शिक्षकों का अभाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
अखिलेश यादव के इस तीखे हमले के बाद प्रदेश की सियासत गर्मा गई है। विपक्षी दलों और छात्रों के मुद्दों को लेकर सरकार पर लगातार दबाव बढ़ रहा है।









