
हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के पूल डी मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 4-2 से करारी हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के साथ ही विश्व कप के इतिहास में अंग्रेजों के खिलाफ भारत का 32 साल पुराना जीत का सूखा एक बार फिर समाप्त नहीं हो सका। भारत ने विश्व कप में आखिरी बार इंग्लैंड को 1994 में हराया था। पूल डी में अब भारतीय टीम के दो मैचों में एक जीत और एक हार दर्ज हो गई है।
मुकाबले की शुरुआत में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। इंग्लैंड ने 14वें मिनट में निकोलस बंदुरक के गोल से बढ़त बनाई थी, लेकिन दूसरे क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद 25वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने एक और गोल दागकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी और पहले हाफ तक टीम ने अपनी पकड़ मजबूत रखी।
हालांकि, दूसरे हाफ में पासा पूरी तरह पलट गया। इंग्लिश टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए तीसरे क्वार्टर में दो गोल दागे। 38वें मिनट में स्टुअर्ट रशमेयर और 43वें मिनट में हेनरी क्रॉफ्ट ने गोल कर इंग्लैंड को आगे कर दिया। इसके बाद चौथे क्वार्टर में भी भारतीय टीम कोई गोल नहीं कर पाई और 55वें मिनट में निकोलस बंदुरक ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 4-2 कर दिया। इस तरह भारतीय टीम बढ़त बनाने के बावजूद मुकाबला हार गई।









